स्पीकर, कैबिनेट मंत्रियों ने दिवंगत आत्मा को अंतिम श्रद्धांजलि दी
लुधियाना, 19 जनवरीः लुधियाना पश्चिम से विधायक स्वर्गीय गुरप्रीत बस्सी गोगी, जिनका 10 जनवरी को निधन हो गया था, को आज मॉडल टाउन एक्सटेंशन क्षेत्र में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में भोग और अंतिम अरदास के दौरान सभी वर्गों के लोगों ने अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवान, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरदीप सिंह मुंडियां, पंजाब के मुख्यमंत्री की पत्नी डा. गुरप्रीत कौर और विभिन्न दलों के नेताओं ने श्री गोगी को सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए याद किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विधायक गोगी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि विधायक गोगी के भोग व अंतिम अरदास में सभी वर्गों के लोगों की यहां उपस्थिति दर्शाती है कि क्षेत्र के लोग उनका कितना सम्मान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि गोगी एक मेहनती, समर्पित और प्रतिबद्ध सहकर्मी थे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ी व्यक्तिगत क्षति है और साथ ही आम आदमी पार्टी के लिए भी यह अपूरणीय क्षति है, क्योंकि गोगी पार्टी के एक समर्पित सिपाही थे।
परिवार की ओर से विधायक गोगी के पुत्र स्वराज ने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े होने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

